
हिमायतनगर ,एम अनिलकुमार | विदर्भ और मराठवाड़ा के ऊपरी इलाकों में हुई लगातार बारिश के बाद पैनगंगा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से सहस्त्रकुंड जलप्रपात अपने पूरे रौद्र और भव्य स्वरूप में बहने लगा है। ऊंची चट्टानों से गर्जना के साथ गिरती दूधिया जलधाराएं पर्यटकों को रोमांचित कर रही हैं।
पिछले तीन-चार दिनों से जारी बारिश ने पूरे सहस्त्रकुंड क्षेत्र को हरियाली की चादर ओढ़ा दी है। धुंध, बारिश की फुहारें, तेज जलप्रवाह और प्रकृति का मनमोहक नजारा देखने के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी तेलंगाना से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। छुट्टी के दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

हालांकि, जलप्रवाह बेहद तेज होने के कारण प्रशासन ने पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नदी में उतरने, खतरनाक चट्टानों पर जाने और सेल्फी के लिए जोखिम उठाने से बचने की सलाह दी गई है।
बरसात के इस मौसम में सहस्त्रकुंड जलप्रपात अपने पूरे शबाब पर है। प्रकृति का यह अद्भुत नज़ारा न केवल पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि हिमायतनगर क्षेत्र के पर्यटन को भी नई पहचान दे रहा है।
