Sunday, August 9News That Matters
Shadow

हदगांव की राजनीति में बड़ा मोड़; भाजपा में जाने की चर्चाओं के बीच जवलंगांवकर का बड़ा बयान

“जनता कार्यकर्ताओ में बढ़ी उत्सुकता, 26 जून के बाद खुलेंगे पत्ते”

हिमायतनगर, एम अनिलकुमार| हदगांव-हिमायतनगर विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक माधवराव पाटील जवलंगांवकर ने अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच जवलंगांव में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक निर्णय से पहले कार्यकर्ताओं और जनता की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।

तारीख 20 शनिवार को हुई बैठक में दोनों तालुकों के सरपंच, उपसरपंच, सेवा सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने अपनी राय रखी। कुछ ने जवलंगांवकर से कांग्रेस में बने रहकर नेतृत्व करने का आग्रह किया, जबकि कुछ ने क्षेत्र के विकास के लिए नए राजनीतिक विकल्पों पर विचार कर बीजेपी में शामिल होने की सलाह दी।

अपने संबोधन में जवलंगांवकर ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया है। हालांकि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में क्षेत्र के विकास, जनता के कामों और कार्यकर्ताओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे की दिशा तय करना आवश्यक हो गया है।

उन्होंने कहा कि वे कोई भी निर्णय अकेले नहीं लेंगे। हदगांव और हिमायतनगर तालुका के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से चर्चा के बाद ही आगे की राजनीतिक भूमिका तय की जाएगी।

Oplus_16908288

इस बीच, पिछले कुछ दिनों से उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। इन्हीं अटकलों के बीच आयोजित यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही हदगांव में एक और बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद उनके अंतिम राजनीतिक निर्णय की घोषणा हो सकती है।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि क्षेत्र में बदलते समीकरणों और आगामी चुनावी रणनीति को देखते हुए जवलंगांवकर कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। ऐसे में उनकी अगली राजनीतिक चाल पर समर्थकों और विरोधियों दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।

“कांग्रेस पार्टी ने मुझे पहचान और जिम्मेदारी दी है। मैंने हमेशा पार्टी के प्रति निष्ठा रखी है। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में क्षेत्र के विकास और जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। कोई भी फैसला कार्यकर्ताओं और जनता को विश्वास में लेकर ही लिया जाएगा। भाजपा प्रवेश को लेकर भी अंतिम निर्णय सभी की राय जानने के बाद ही होगा।” माधवराव पाटील जवलंगांवकर, पूर्व विधायक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!