
परमपूज्य बालयोगी गजेंद्र स्वामी महाराज के श्रीमुख से होगा भगवान महादेव की महिमा का वर्णन
हिमायतनगर, एम. अनिलकुमार | किनवट–हिमायतनगर तहसील के मध्य स्थित प्रसिद्ध सहस्त्रकुंड बाणगंगा महादेव मंदिर देवस्थान में आगामी 29 जून से 5 जुलाई 2026 तक भव्य संगीतमय शिवपुराण कथा महोत्सव का आयोजन किया गया है। परमपूज्य बालयोगी गजेंद्र स्वामी महाराज के श्रीमुख से भगवान महादेव की दिव्य महिमा का रसपूर्ण एवं भक्तिमय वर्णन किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बन गया है।
आयोजकों के अनुसार, 29 जून से 5 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक संगीतमय शिवपुराण कथा का आयोजन होगा। कथा के पश्चात प्रतिदिन महाप्रसाद वितरण भी किया जाएगा। वहीं, 6 जुलाई को काल्याचे कीर्तन एवं भव्य महाप्रसाद के साथ कथा महोत्सव का समापन किया जाएगा।

भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद, पुण्य प्राप्ति और शिवकृपा का लाभ लेने हेतु अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से उपस्थित रहने की अपील सहस्त्रकुंड बाणगंगा महादेव मंदिर समिति की ओर से सतीश वालकीकर ने की है। इस अवसर पर हिमायतनगर के श्री परमेश्वर मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष महावीरचंद श्रीश्रीमाळ सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
विदर्भ–मराठवाड़ा की सीमा पर बहने वाली पैनगंगा नदी के तट पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सहस्त्रकुंड धबधबा परिसर में आयोजित होने वाला यह धार्मिक कार्यक्रम पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करेगा। शिवभक्तों के लिए यह एक विशेष आध्यात्मिक अवसर माना जा रहा है, जिसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
इसके अलावा, 28 जून को पिंपलगांव के मठाधीश बालयोगी व्यंकटस्वामी महाराज की भी विशेष उपस्थिति कथा महोत्सव में रहेगी। समिति की ओर से इस्लापुर–सहस्त्रकुंड क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शिवपुराण कथा का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया गया है।
