
हिमायतनगर,एम अनिलकुमार| सरसम से हिमायतनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गंगाधर नामेवार और लक्षटवार सरसम से हदगांव तहसील के वालकी और तामसा गांव की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से वालकेवाडी निवासी क्षीरसागर लक्ष्मणराव ऑटो लेकर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर पड़ी दरारों (भेगों) में मोटरसाइकिल फंसने से बाइक फिसल गई और सीधे ऑटो से जा टकराई।
इस भीषण हादसे में गंगाधर नामेवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक क्षीरसागर लक्ष्मणराव और बाइक सवार लक्षटवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सरसम गांव के नागरिक तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सरसम में भर्ती कराया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरसम–हिमायतनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण यहां लगातार हादसे हो रहे हैं और कई युवाओं की जान जा चुकी है।
नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब तक इस मार्ग पर डिवाइडर, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा उपाय नहीं किए जाएंगे, तब तक हादसों का सिलसिला कैसे रुकेगा? वहीं, अधूरे पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल वसूली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
