
भव्य झांकियों में जीवंत हुई गणपति बाप्पा की लीलाएं, महाप्रसाद के साथ हुआ समापन
हिमायतनगर, एम. अनिलकुमार| हिमायतनगर के श्री क्षेत्र परमेश्वर मंदिर में अधिक मास के अवसर पर आयोजित संगीतमय श्री गणेश महापुराण कथा श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनी रही। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखी गई, वहीं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य नागरिक भी कथा का लाभ लेने पहुंच रहे हैं।
इसी कड़ी में पुलिस निरीक्षक केंद्रे ने अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान श्री परमेश्वर के दर्शन किये, बाद मे गणेश पुराण कथा मंच पे उपस्थित होकर ग्रंथ के दर्शन किए तथा कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान श्री परमेश्वर मंदिर संस्थान समिति द्वारा उनका श्री परमेश्वर की प्रतिमा भेंट कर स्वागत व सम्मान किया गया।
ह.भ.प. सुनील महाराज आष्टीकर द्वारा कथा के माध्यम से भगवान श्री गणेश की महिमा, उनके आदर्शों तथा धार्मिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि जीवन में सुख, शांति और सफलता के लिए भगवान गणेश का स्मरण अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक शुभ कार्य की शुरुआत गणेश वंदना से ही की जाती है।
कथा के विशेष आकर्षण के रूप में भगवान गणपति बाप्पा की विभिन्न लीलाओं को भव्य एवं आकर्षक झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। झांकियों की मनोहारी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कई श्रद्धालुओं ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं गणपति बाप्पा साक्षात उपस्थित हों।
पूरे कथा स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। कथा के दौरान समाज में प्रेम, संस्कार, माता-पिता के सम्मान, गौसेवा और धर्म के प्रति आस्था का संदेश भी दिया गया।
इस संगीतमय धार्मिक कथा आयोजन में तबला वादक अक्षय माने (कौठाळी, सोलापुर), गायक माऊली महाराज (नांदेड़) तथा पैड वादक ज्ञानेश्वर महाराज जालनेकर ने मधुर संगीत से कथा को भक्तिमय स्वरूप प्रदान किया।
12 जून को काला किर्तन एवं महाप्रसाद के साथ धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर मंदिर संस्थान उपाध्यक्ष महावीरचंद श्रीश्रीमाळ, सेक्रेटरी अनंता देवकते के साथ संचालक मंडल और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
