हिमायतनगर में तेज आंधी का कहर; बिजली डीपी धराशायी, खेतों के टीन शेड उड़े
किसानों और महावितरण को भारी नुकसान, घटिया कामों की जांच की मांग तेज
हिमायतनगर, एम अनिलकुमार| हिमायतनगर तालुका में रविवार शाम करीब 6 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। बोरगडी–धानोरा क्षेत्र में महावितरण की बिजली डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफार्मर) पूरी तरह गिर गई, जबकि खेतों में बने आखाड़ों (गोठों) के टीन शेड तेज हवाओं में उड़ गए। इसके अलावा सैकड़ों पेड़ जड़ से उखड़ने से पर्यावरण को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है।
मृग नक्षत्र शुरू हुए आठ दिन बीत चुके हैं, लेकिन क्षेत्र में अब तक अच्छी बारिश नहीं होने से किसान पहले ही चिंता में हैं। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छा रहे हैं, लेकिन बारिश केवल नाममात्र की हो रही है। खरीफ फसल की तैयारी पूरी कर किसान बुवाई के लिए तैयार बैठे हैं, मगर बारिश लगातार आंख-मिचौली खेल रही है। ऐसे में रविवार को आई तेज आंधी ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दीं...
